राहुल गांधी के खिलाफ प्राथमिकी के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, केंद्र सरकार का पुतला दहन


जमशेदपुर: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी के विरोध में पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमिटी के बैनर तले सोमवार को बिष्टूपुर स्थित तिलक पुस्तकालय के समक्ष जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष परविंदर सिंह ने किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के विरुद्ध दर्ज की गई प्राथमिकी राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित है और विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। वक्ताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में विपक्ष की भूमिका महत्वपूर्ण होती है, लेकिन केंद्र सरकार लगातार विपक्षी नेताओं को निशाना बना रही है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उत्तराखंड में भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज करने की मांग उठाई। नेताओं का कहना था कि कानून सभी के लिए समान होना चाहिए और राजनीतिक प्रभाव के आधार पर कार्रवाई नहीं होनी चाहिए।
जिला स्तरीय इस कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस कमिटी के निर्देशानुसार बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, जिला पदाधिकारी, विभिन्न विभागों एवं प्रकोष्ठों के प्रतिनिधि शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराते हुए निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।
जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहेगी और किसी भी प्रकार की राजनीतिक प्रतिशोध की कार्रवाई का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध किया जाएगा। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत बनाने और जनहित के मुद्दों को जनता के बीच ले जाने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *