उलीडीह में युवक पर जानलेवा हमला, परिजनों ने 25-30 युवकों पर लगाया मारपीट और फायरिंग का आरोप

Spread the love


जमशेदपुर के उलीडीह थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक युवक पर हुए कथित हमले से इलाके में सनसनी फैल गई। घायल युवक राहुल शर्मा को उसके दोस्तों ने तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना को लेकर परिजनों ने कई युवकों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
राहुल की मां ने कहा किउनका बेटा सोमवार शाम घर से निकला था। कुछ ही देर बाद उन्हें सूचना मिली कि राहुल के साथ कुछ लोगों ने मारपीट की है। आरोप है कि करीब 25 से 30 युवक मुंह ढककर और हेलमेट पहनकर मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने राहुल को घेर लिया और रॉड, हॉकी तथा अन्य हथियारनुमा सामान से हमला कर दिया।
परिजनों का दावा है कि हमले के दौरान फायरिंग भी की गई। राहुल की मां ने बताया कि गोली ऊपर की ओर चलाई गई, जिसके कारण राहुल को गोली नहीं लगी, लेकिन इसके बाद हमलावरों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। हालांकि फायरिंग के इस आरोप की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
हमले में राहुल के हाथ, पैर, कमर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। परिजनों के मुताबिक उसके शरीर पर कई जगह टांके लगे हैं और चोट के गहरे निशान हैं।
राहुल की मां ने यह भी आरोप लगाया कि करीब तीन महीने पहले भी कुछ युवक उनके घर के पास पहुंचे थे और राहुल को लेकर धमकी दी थी। उस समय परिवार में शादी का माहौल होने के कारण मामले को आगे नहीं बढ़ाया गया था।
परिजनों ने सिद्धेश सिंह, सोनू गुप्ता, दीपक मिश्रा और चंदन सिंह समेत अन्य युवकों पर हमले में शामिल होने का आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस की ओर से अभी तक किसी की संलिप्तता की पुष्टि नहीं की गई है।
फिलहाल उलीडीह थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। हमले के कारण, आरोपियों की पहचान और फायरिंग के दावे की सच्चाई पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *