
जमशेदपुर: गोविंदपुर थाना क्षेत्र के अन्ना चौक पर रविवार को एक बार फिर सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार कार ने बस स्टैंड के पास बैठे दो युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में सन्नी और गुल्लू गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, कार गोविंदपुर की ओर से आ रही थी। अन्ना चौक स्थित बस स्टैंड के पास दोनों युवक स्कूटी के साथ बैठे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर दोनों से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल टाटा मोटर्स अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए टी एमएच रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि सन्नी के बाएं पैर में गंभीर चोट लगी है, जबकि गुल्लू के पैर में सरिया घुस गया है। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
कुछ दिन पहले बच्ची की हुई थी मौत
अन्ना चौक पर सड़क हादसे का यह पहला मामला नहीं है। 8 अगस्त को तेज रफ्तार स्कूल बस ने सड़क किनारे खड़े लोगों को टक्कर मार दी थी। हादसे में 7 वर्षीय आरोही कुमारी की मौत हो गई थी, जबकि दो लोग घायल हुए थे। घायलों को भी पहले टाटा मोटर्स अस्पताल ले जाया गया था, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया था।
लगातार हो रहे हादसों से स्थानीय लोगों में नाराजगी और चिंता बढ़ रही है। लोगों ने अन्ना चौक पर वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करने और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।