
जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गोविंदपुर थाना क्षेत्र से एक युवक को गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से करीब 3.865 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। जिसका मार्केट मूल्य करीब 50000 है इसके अलावा गांजा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक सफेद रंग की बोलेरो भी जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार, 10 अगस्त की शाम करीब 8:30 बजे वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति सफेद रंग की बोलेरो में गांजा लेकर खकड़ीपाड़ा से अश्वनी चौक जाने वाले रास्ते के आसपास बिक्री की तैयारी में है। सूचना मिलने के बाद एसएसपी के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर के निगरानी में तथा पुलिस उपाधीक्षक नगर के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि
सूचना का सत्यापन करते हुए तत्काल कार्रवाई की और गोविंदपुर थाना क्षेत्र में अश्वनी चौक से खकड़ीपाड़ा जाने वाली सड़क के पास एक बोलेरो को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से करीब 3.865 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से माधव कर्मकार (33 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी तुरीगोड़ा, थाना डुमरिया, पूर्वी सिंहभूम का रहने वाला है। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह गांजा ओडिशा के क्योंझर से लाता था और जमशेदपुर के आसपास घूम-घूमकर छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर इसकी बिक्री करता था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि गांजा तस्करी के इस नेटवर्क में उसके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं तथा ओडिशा से मादक पदार्थ की आपूर्ति किस माध्यम से की जा रही थी