
जमशेदपुर श्री श्री शिव हनुमान मंदिर बाबूडीह मंदिर समिति की ओर से सोमवार को श्रद्धा और भक्ति के साथ विशेष जलाभिषेक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर 501 महिलाओं ने स्वर्णरेखा नदी से कलश में जल लेकर मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया।
सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी थी। महिलाओं ने स्वर्णरेखा नदी से विधिवत जल उठाया और धार्मिक जयघोष के साथ मंदिर पहुंचीं। इसके बाद मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक किया गया। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा।
मंदिर समिति के सदस्य मोहन साहू ने बताया कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी मंदिर समिति की ओर से सामूहिक जलाभिषेक का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य श्रद्धालुओं को धार्मिक आस्था से जोड़ना और समाज में आपसी एकता एवं भाईचारे का संदेश देना है।
जलाभिषेक के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान शिव और हनुमान जी की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम को सफल बनाने में मंदिर समिति के सदस्यों और स्थानीय श्रद्धालुओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।