
जमशेदपुर: उलीडीह ओपी क्षेत्र में रविवार देर रात एक सड़क हादसे में बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा मून सिटी के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने स्प्लेंडर बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के मुताबिक, दोनों व्यक्ति बाइक से मानगो की ओर से डिमना चौक की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान मून सिटी के समीप पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों सड़क पर गिर पड़े और उन्हें गंभीर चोटें आईं।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। शुभम राज और उनके साथियों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को टोटो की मदद से एमजीएम अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया।
घायलों में एक की पहचान करीब 55 वर्षीय शमसेर के रूप में हुई है, जो कपाली निवासी बताए जा रहे हैं। वहीं, दूसरे घायल की उम्र करीब 40 वर्ष बताई जा रही है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसकी पहचान नहीं हो सकी थी।
एमजीएम अस्पताल में दोनों का प्राथमिक उपचार किया गया। डॉक्टरों के अनुसार, दोनों के सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं और उनकी हालत चिंताजनक बताई गई है। बेहतर इलाज के लिए दोनों को रिम्स, रांची रेफर किए जाने की जानकारी सामने आई है।
इधर, उलीडीह पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस हादसे में शामिल ट्रक की पहचान के लिए आसपास के इलाके में जानकारी जुटा रही है। घटना के बाद से ट्रक चालक के फरार होने की बात कही जा रही है।