जमशेदपुर में देर रात एसएसपी का औचक निरीक्षण, पीसीआर गश्ती की जांच कर दिए सख्त निर्देश

Spread the love


जमशेदपुर पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने मंगलवार रात करीब 10 बजे शहर की सुरक्षा व्यवस्था का औचक जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सोनारी, कदमा और बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में तैनात पीसीआर गश्ती वाहनों और पुलिसकर्मियों का निरीक्षण किया। अचानक हुए इस निरीक्षण से पुलिस महकमे में सतर्कता बढ़ गई।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने गश्ती दलों की सक्रियता, तैनाती और रात्रि गश्त की स्थिति की जांच की। उन्होंने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया कि शहर में किसी भी प्रकार की अड्डेबाजी, असामाजिक तत्वों की गतिविधियों और कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही नियमित रूप से एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाकर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच सुनिश्चित करने को कहा।
एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि यदि गश्ती के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, आपराधिक गतिविधि या संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना बिना देर किए संबंधित थाना प्रभारी और पुलिस नियंत्रण कक्ष को दी जाए, ताकि तत्काल कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने कहा कि शहर में अपराध नियंत्रण और आम नागरिकों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। रात्रि गश्ती को और अधिक प्रभावी बनाकर अपराधियों पर कड़ी नजर रखी जाए तथा लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम रखा जाए। पुलिस प्रशासन द्वारा आगे भी इस तरह के औचक निरीक्षण जारी रखने की बात कही गई है, ताकि शहर में कानून व्यवस्था मजबूत बनी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *