
जमशेदपुर पुलिस ने बागबेड़ा थाना क्षेत्र में हुए मारपीट के एक मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस संबंध में बागबेड़ा थाना में कांड संख्या 50/26, दिनांक 30 जून के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस के अनुसार, कीताडीह ग्वालापट्टी निवासी तेज नारायण तिवारी ने लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि उनके पुत्र पंकज तिवारी और उसके मित्र सचिन यादव के साथ रवि यादव, राज मिश्रा तथा 8 से 10 अन्य लोगों ने मिलकर जान से मारने की नीयत से मारपीट की, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। टीम ने लगातार कार्रवाई करते हुए 12 जुलाई को घटना में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में कीताडीह ग्वालापट्टी निवासी रवि यादव (24), हरहरगुट्टू बड़ा तालाब निवासी रजनीश कुमार सिंह (23) तथा सुंदरनगर के किंडा मोहल्ला निवासी मोहित सिंह (21) शामिल हैं। तीनों को सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में नामजद एवं अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी