जमशेदपुर: मानगो-डिमना रोड बाजार में चोरों का तांडव, एक ही रात में 10 से 12 दुकानों के ताले तोड़े, व्यापारियों में दहशत

Spread the love


जमशेदपुर में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। शनिवार देर रात ओलीडीह थाना क्षेत्र के मानगो-डिमना रोड स्थित बाजार में चोरों ने जमकर उत्पात मचाया। बेखौफ बदमाशों ने एक ही रात में करीब 10 से 12 दुकानों के ताले तोड़कर नकदी और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। रविवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही पूरे बाजार में हड़कंप मच गया। दुकानदारों ने पुलिस की रात्रि गश्त व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, चोरों ने मुख्य रूप से किराना, मेडिकल और अन्य रोजमर्रा के सामान की दुकानों को निशाना बनाया। जिन प्रतिष्ठानों में चोरी की पुष्टि हुई है, उनमें श्याम जनरल स्टोर, विष्णु भंडार, मां वैभव वैष्णो मेडिकल, मनोज केजरीवाल का हार्डवेयर दुकान, रामाज्ञा आटा चक्की, राधा कृष्ण ट्रेलर और शुभम स्टोर शामिल हैं। इसके अलावा आसपास की कई अन्य दुकानों के ताले भी तोड़े गए या तोड़ने का प्रयास किया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कई दुकानों से गल्ले में रखी नकदी, आवश्यक सामान और अन्य कीमती वस्तुएं चोरी हुई हैं। हालांकि, कुल नुकसान का आकलन दुकानदारों द्वारा किया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि चोर देर रात सुनसान माहौल का फायदा उठाकर बाजार पहुंचे। उन्होंने एक-एक कर दुकानों के शटर और ताले तोड़े तथा आराम से चोरी की वारदात को अंजाम दिया। सुबह जब दुकानदार अपनी दुकानें खोलने पहुंचे तो टूटे हुए ताले, बिखरा सामान और खाली गल्ला देखकर उनके होश उड़ गए। देखते ही देखते बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और व्यापारी घटनास्थल पर जमा हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
इधर, लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में भारी आक्रोश और असुरक्षा का माहौल है। दुकानदारों ने पुलिस प्रशासन से रात में नियमित गश्त बढ़ाने, बाजार क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था करने और चोरी की घटनाओं पर शीघ्र अंकुश लगाने की मांग की है। व्यापारियों का कहना है कि यदि जल्द प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *