
जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के एमजीएम थाना क्षेत्र अंतर्गत डिमना स्थित जयपाल कॉलोनी में शनिवार शाम पानी की पाइपलाइन बिछाने के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। श्री श्री मनोकामना शिव दुर्गा मंदिर के समीप पीएचईडी विभाग की ओर से पाइपलाइन बिछाने का कार्य चल रहा था। इसी दौरान करंट लगने से 50 वर्षीय मजदूर चेतन यादव की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं उन्हें बचाने पहुंचे एक अन्य मजदूर अर्जुन यादव भी बिजली की चपेट में आकर घायल हो गए। उनका इलाज चल रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पाइपलाइन बिछाने का कार्य तेजी से चल रहा था। इसी दौरान गड्ढे में जमा पानी को मोटर पंप की सहायता से बाहर निकाला जा रहा था। बताया जा रहा है कि चेतन यादव पाइप उठाकर कार्य कर रहे थे, तभी अचानक वे करंट की चपेट में आ गए। आशंका जताई जा रही है कि मोटर के बिजली के केबल में किसी प्रकार का लीकेज था, जिससे गड्ढे में भरे पानी में करंट फैल गया। पानी के संपर्क में आते ही चेतन यादव बेहोश होकर गिर पड़े।
हादसे को देख वहां मौजूद मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई। साथी मजदूर अर्जुन यादव उन्हें बचाने के लिए दौड़े, लेकिन वे भी करंट की चपेट में आकर घायल हो गए। इसके बाद अन्य मजदूरों ने बिजली का संपर्क काटा और दोनों को तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद चेतन यादव को मृत घोषित कर दिया, जबकि अर्जुन यादव का उपचार जारी है।
मृतक चेतन यादव गिरिडीह जिले के बिरनी प्रखंड के पेशाम गांव के निवासी बताए गए हैं। उनकी मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। घटना की जानकारी मिलने पर एमजीएम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा बिजली के केबल में तकनीकी खराबी, सुरक्षा मानकों की अनदेखी या किसी अन्य कारण से हुआ। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।