
सरायकेला पुलिस ने आदित्यपुर थाना क्षेत्र में संचालित अवैध ऑनलाइन बेटिंग एवं जुआ रैकेट का बड़ा खुलासा किया है. गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. मौके से 33 मोबाइल फोन, 13 सिम कार्ड, तीन एटीएम कार्ड, दो वाई-फाई राउटर, एक लैपटॉप, मोबाइल चार्जर, एडॉप्टर, दस्तावेज सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं. अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनुभव भारद्वाज ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि आदित्यपुर थाना क्षेत्र के शिवनारायणपुर में अवैध रूप से ऑनलाइन बेटिंग एवं जुआ का संचालन किया जा रहा है. सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर उनके नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई. टीम ने कार्रवाई करते हुए मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के बेगूसराय निवासी सुमित कुमार, खगड़िया निवासी गुलशन कुमार तथा भोजपुर (आरा) निवासी मनोज कुमार के रूप में हुई है. पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. छापेमारी के दौरान पुलिस ने 13 सिम कार्ड, तीन एटीएम कार्ड, दो ड्यूल बैंड वाई-फाई राउटर, एक डेल कंपनी का लैपटॉप, 33 विभिन्न कंपनियों के मोबाइल फोन, मोबाइल चार्जर, एडॉप्टर तथा ऑनलाइन लेन-देन और हिसाब-किताब से संबंधित दस्तावेज बरामद किए हैं. पुलिस जब्त इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और बैंकिंग रिकॉर्ड की जांच कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है. एसडीपीओ ने बताया कि बरामद डिजिटल उपकरणों की फॉरेंसिक जांच कर ऑनलाइन बेटिंग नेटवर्क के पूरे मॉड्यूल का खुलासा किया जाएगा. साथ ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी.