
जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र में गुरुवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जब एक अनियंत्रित ट्रक सीधे कोटक महिंद्रा बैंक की शाखा में जा घुसा। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। दुर्घटना में बैंक भवन के सामने का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे बैंक को काफी नुकसान पहुंचा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक तेज गति से आ रहा था। अचानक चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद ट्रक सड़क किनारे स्थित बैंक में जा घुसा। हादसे के समय बैंक परिसर में मौजूद एटीएम गार्ड बाल-बाल बच गया। यदि ट्रक कुछ और आगे बढ़ जाता या तो बड़ा हादसा हो सकता था।
दुर्घटना में ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस और एंबुलेंस को दी। घायल चालक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास की भीड़ को नियंत्रित किया। दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। बाद में क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रक को बैंक परिसर से हटाने का कार्य शुरू किया गया।
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण ट्रक की तेज रफ्तार और चालक द्वारा वाहन से नियंत्रण खो देना बताया जा रहा है। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।