जमशेदपुर ऑल मार्केट एसोसिएशन ने दुकानों के बढ़े किराये का किया विरोध, पुराने दर पर वसूली की मांग

Spread the love


जमशेदपुर शहर के दुकानदारों के संगठन जमशेदपुर ऑल मार्केट एसोसिएशन ने जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) की दुकानों के किराये में की गई वृद्धि का विरोध करते हुए प्रशासन से किराया निर्धारण पर पुनर्विचार करने की मांग की है। एसोसिएशन का कहना है कि जब तक दुकानों के किराये का तर्कसंगत, व्यवहारिक और सर्वमान्य निर्धारण नहीं हो जाता, तब तक दुकानदारों से पुराने किराया दर पर ही राशि वसूली जाए।
एसोसिएशन ने जारी बयान में कहा कि शहर के हजारों दुकानदार वर्षों से अपनी दुकानों का संचालन कर रहे हैं और इसी व्यवसाय के माध्यम से अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। सभी दुकानदार निर्धारित नियमों का पालन करते हुए समय-समय पर किराये का भुगतान भी करते रहे हैं। इसके बावजूद अचानक दुकानों के किराये में वृद्धि कर उसे लागू करना छोटे और मध्यम वर्ग के व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने जैसा है। वर्तमान आर्थिक परिस्थितियों में इतनी अधिक किराया वृद्धि व्यापारियों के लिए असहनीय साबित हो रही है।
संगठन का कहना है कि किराया निर्धारण किसी भी एकतरफा निर्णय के आधार पर नहीं किया जाना चाहिए। इसके लिए प्रशासन, संबंधित विभाग और दुकानदारों के प्रतिनिधियों के बीच आपसी सहमति से चर्चा कर व्यवहारिक समाधान निकाला जाना चाहिए। साथ ही किराया तय करते समय सभी नियमों, बाजार की वास्तविक स्थिति और व्यापारियों की आर्थिक क्षमता को भी ध्यान में रखा जाए।
जमशेदपुर ऑल मार्केट एसोसिएशन ने प्रशासन से आग्रह किया है कि किराया निर्धारण संबंधी अंतिम निर्णय होने तक पुराने दर पर ही किराया वसूला जाए। एसोसिएशन ने यह भी भरोसा दिलाया कि दुकानदारों के हितों और प्रशासनिक व्यवस्था के बीच संतुलन कायम करने के लिए वह हर स्तर पर सकारात्मक सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। संगठन ने उम्मीद जताई कि प्रशासन व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र न्यायसंगत और व्यावहारिक निर्णय करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *