परसुडीह पुलिस को बड़ी सफलता, डकैती की साजिश मामले के दो फरार आरोपी गिरफ्तार

Spread the love


जमशेदपुर परसुडीह थाना पुलिस ने वर्ष 2024 में डकैती की योजना बनाने के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों की लंबे समय से तलाश की जा रही थी। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
सिटी sp ललित मीणा ने बताया कि25 अक्टूबर 2024 की शाम करीब पांच बजे गुप्त सूचना मिली थी कि परसुडीह थाना क्षेत्र के छोटा गोबिंदपुर स्थित एक निर्माणाधीन फ्लैट के पास कुछ अपराधी हथियार के साथ बड़ी डकैती की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर वरीय अधिकारियों के निर्देश पर विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से सुजल गोप, दिनेश पात्रो उर्फ शुरू बाबू, राकेश पाल उर्फ सोना भगत, सनुष गोप और असीन दास को गिरफ्तार किया था। तलाशी के दौरान राकेश पाल के पास से एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ था। सभी आरोपियों को 26 अक्टूबर 2024 को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था।
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में लखीकांत गोप उर्फ बेगी और समीर गोप उर्फ पोल्टु गोप के नाम सामने आए थे, जो घटना के बाद से फरार चल रहे थे। पुलिस ने लगातार छापेमारी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी लखीकांत गोप उर्फ बेगी (35) छोटा गोबिंदपुर, परसुडीह का रहने वाला है, जबकि समीर गोप उर्फ पोल्टु गोप (34) वर्तमान में छोटा गोबिंदपुर के सुभाषनगर में रहता है तथा उसका स्थायी पता पोटका थाना क्षेत्र के बंगालीबासा में है।

पुलिस के अनुसार, दोनों गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है। लखीकांत गोप के खिलाफ वर्ष 2016 में रंगदारी, चोरी और तोड़फोड़ का मामला दर्ज है, जबकि समीर गोप उर्फ पोल्टु गोप पर वर्ष 2018 में रंगदारी, मारपीट और धमकी देने के अलावा आर्म्स एक्ट के मामलों में भी केस दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य आपराधिक संबंधों की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *