
जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र के रामजनमनगर में 2 जुलाई की रात हुई गोलीबारी मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए घटना में प्रयुक्त देशी कट्टा, जिंदा गोली, खोखा, मोबाइल फोन और बाइक बरामद की है। गोलीबारी की वजह मकान को लेकर पुराना विवाद बताया जा रहा है। 2 जुलाई की रात रामजनमनगर स्थित बजरंगबली मंदिर के पास रहने वाले सजग राही को उसके घर के समीप दो युवकों ने मुंह में गोली मार दी थी। गंभीर रूप से घायल सजग राही को पुलिस और परिजनों की मदद से इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। घटना के बाद कदमा थाना में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों नामजद आरोपियों, कृष्णा सोना और अनिल सोना को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक देशी कट्टा, एक 8 एमएम जिंदा कारतूस, एक खोखा, दो मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि गोलीबारी के पीछे मकान को लेकर चल रहा पुराना आपसी विवाद था। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है और वर्ष 2024 में दर्ज मारपीट के एक मामले में भी दोनों आरोपी नामजद हैं।