
जमशेदपुर साइबर थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। ओडिशा की एक महिला से करीब 99 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने अंतरराज्यीय साइबर ठग गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। ये शातिर लोगों को फर्जी एपीके फाइल भेजकर उनके मोबाइल का एक्सेस हासिल करते थे और फिर बैंक खातों से रकम उड़ा लेते थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से कई मोबाइल फोन, सिम कार्ड और एटीएम कार्ड भी बरामद किए हैं। एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज शिकायत के आधार पर साइबर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि ठग लोगों को फोन कर खुद को बैंक अधिकारी बताकर उनके मोबाइल पर फर्जी एपीके फाइल भेजते थे। फाइल इंस्टॉल करते ही आरोपी पीड़ित के मोबाइल और बैंकिंग जानकारी तक पहुंच बना लेते थे और खाते से पैसे निकाल लेते थे। पुलिस ने इस मामले में देवघर, जामताड़ा और रामगढ़ जिले के रहने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से 9 मोबाइल फोन, 7 सिम कार्ड और पंजाब नेशनल बैंक का एक एटीएम कार्ड बरामद किया गया है। पूछताछ में यह भी सामने आया है कि यह गिरोह अब तक करीब 30 लाख रुपये की साइबर ठगी को अंजाम दे चुका है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क और अन्य मामलों में उनकी संलिप्तता की जांच कर रही है। गिरफ्त अपराधियों में संजय कुमार सिंह, राहुल कुमार रवानी, सुनील कुमार झा और राहुल कुमार ठाकुर शामिल है, वहीँ राहुल कुमार रवानी का पूर्व में साइबर ठगी के आपराधिक इतिहास दर्ज है, फिलहाल सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.