
सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र स्थित कांदरबेड़ा केजीएन मेडिकल दुकान में रंगदारी मांगने और फायरिंग करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस कांड के मुख्य आरोपी सारिक साह उर्फ छोटू उर्फ छोटा (26) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त एक देशी पिस्टल और मैगजीन भी बरामद की गई है।
जानकारी के अनुसार, 5 अप्रैल 2025 की रात करीब 9:50 बजे कुछ अपराधी कांदरबेड़ा स्थित केजीएन मेडिकल दुकान पहुंचे थे। उन्होंने दुकान संचालक के भाई सह मेडिकल सहायक साकिब परवेज से रंगदारी की मांग की। विरोध करने पर अपराधियों ने उसके साथ मारपीट की, दुकान में तोड़फोड़ की और जाते समय मोबाइल फोन भी छीन लिया था। इस संबंध में चांडिल थाना में कांड संख्या 57/2025 दर्ज करते हुए बीएनएस और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान पहले ही पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका था, जबकि मुख्य आरोपी फरार चल रहा था।
गुप्त सूचना के आधार पर सरायकेला अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने पूर्वी सिंहभूम के मानगो स्थित रोड नंबर-7 के एक किराये के मकान में छापेमारी कर सारिक साह को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर हथियार बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है तथा गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।