
जमशेदपुर: बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित वोल्टास गोलचक्कर के पास देर रात एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। तेज रफ्तार 22 चक्का ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क के बीच बने डिवाइडर से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रेलर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेलर बिष्टुपुर की ओर जा रहा था। वोल्टास गोलचक्कर के समीप पहुंचते ही चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रेलर सीधे डिवाइडर से टकरा गया। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि चालक शराब के नशे में था, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि मेडिकल जांच रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी। दुर्घटना के बाद चालक ट्रेलर के केबिन में फंस गया था। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उसे बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
घटना के समय सड़क पर अन्य वाहन भी गुजर रहे थे। लोगों का कहना है कि यदि ट्रेलर डिवाइडर से नहीं टकराता, तो वह कई वाहनों को अपनी चपेट में ले सकता था और बड़ा हादसा हो सकता था। इस दुर्घटना में किसी अन्य के घायल होने की सूचना नहीं है।
सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर के कारण कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। बाद में क्रेन की सहायता से वाहन को हटाकर यातायात सामान्य कराया गया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।