धनवार प्रखंड कार्यालय में आदिवासी जोहार समिति का धरना, जमीन वापसी और पेसा एक्ट लागू करने की मांग

Spread the love

धनवार प्रखंड कार्यालय परिसर में आदिवासी जोहार समिति, धनवार के बैनर तले एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। इस दौरान समिति के सदस्यों ने आदिवासियों की खेतियानी जमीन वापस करने, भूमि माफियाओं द्वारा जमीन कब्जाने पर रोक लगाने तथा आदिवासी अधिकारों की रक्षा की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया।
धरना के दौरान प्रदर्शनकारियों ने आदिवासियों की जमीन की लूट बंद करो, भूमाफियाओं के इशारे पर प्रशासन काम करना बंद करे, जैसे नारों के साथ विरोध जताया। बड़ी संख्या में शामिल आदिवासी महिलाएं तख्तियां, हंसुआ और कुल्हाड़ी लिए हुए थीं, जबकि पुरुष तीर-धनुष, ढोल और नगाड़ों के साथ प्रदर्शन कर रहे थे।
कार्यक्रम का नेतृत्व सुकरेज हेम्ब्रम ने किया। वहीं भाजपा नेता एवं पूर्व जिला परिषद सदस्य सुबोध कुमार राय भी धरना में शामिल हुए।
सुकरेज हेम्ब्रम ने कहा कि आदिवासी समाज आज भी शोषण और उत्पीड़न का शिकार है। उनकी जमीनें छीनी जा रही हैं तथा जल, जंगल और जमीन पर उनका अधिकार लगातार कमजोर हो रहा है। उन्होंने कहा कि आदिवासी गांवों में आज भी पेयजल, सड़क और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। उन्होंने आरोप लगाया कि सखुआ पहाड़ी क्षेत्र में एक आदिवासी की जमीन हड़पने की साजिश रची जा रही है, जिसके विरोध में सभी आदिवासी एकजुट हुए हैं।
उन्होंने बढ़ती महंगाई का हवाला देते हुए मजदूरों की दैनिक मजदूरी 268 रुपये से बढ़ाकर 1000 रुपये करने की भी मांग की।
वहीं सुबोध कुमार राय ने कहा कि धनवार प्रखंड के महेशमरवा और बल्हारा गांवों में आदिवासियों की जमीन पर भू-माफियाओं की नजर है, जिसे किसी भी कीमत पर कब्जाने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आदिवासियों की एक इंच भी जमीन हड़पी गई तो इससे भी बड़ा आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से जमीन हड़पने वालों की पहचान कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
धरना के बाद प्रतिनिधिमंडल ने महामहिम राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन प्रखंड विकास पदाधिकारी को सौंपा। ज्ञापन में आदिवासियों की खेतियानी जमीन वापस करने, पेसा एक्ट लागू करने, आदिवासी गांवों में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने, धनवार में सिदो-कान्हू विद्यालय की स्थापना, शिक्षित आदिवासी युवाओं की सीधी नियुक्ति, ग्राम कुंडा नाला पर पुल निर्माण तथा जमीन लूटने वाले भू-माफियाओं की गिरफ्तारी की मांग शामिल है।
मौके पर धनवार बचाओ संघर्ष समिति के तुलसी पासवान, कमलेश हेम्ब्रम, दुखन मुर्मू, मुंसी हेम्ब्रम, राहुल हेम्ब्रम सहित दर्जनों महिला-पुरुष उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *