गिद्दी सी चेकपोस्ट फायरिंग कांड का खुलासा, राहुल दुबे गिरोह का सक्रिय सदस्य गिरफ्तार फायरिंग में प्रयुक्त देशी पिस्टल और दो कारतूस बरामद, दो अन्य आरोपी अब भी फरार

Spread the love

गिद्दी थाना क्षेत्र के गिद्दी सी चेकपोस्ट पर दहशत फैलाने के उद्देश्य से की गई फायरिंग मामले का पुलिस ने खुलासा कर लिया है। इस मामले में राहुल दुबे गिरोह के सक्रिय सदस्य मो. वारिस को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद किया है।
2 जून 2026 को गिद्दी थाना अंतर्गत गिद्दी सी चेकपोस्ट पर बुलेट मोटरसाइकिल से पहुंचे दो अपराधियों द्वारा गोलीबारी कर क्षेत्र में दहशत फैलाने का प्रयास किया गया था। मामले में गिद्दी थाना कांड संख्या-13/26 दर्ज कर पुलिस अनुसंधान शुरू किया गया।

कांड की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। जांच के दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर राहुल दुबे गिरोह के सक्रिय सदस्य मो. वारिस (22 वर्ष), पिता मो. मुस्तकिम, निवासी पुंदोल (चंदोल), थाना बड़कागांव, जिला हजारीबाग को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

पूछताछ के दौरान मो. वारिस ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने फायरिंग में प्रयुक्त 7.62 एमएम का एक देशी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए। जांच में यह भी सामने आया कि इस वारदात में उसके अलावा दो अन्य अपराधी भी शामिल थे, जो फिलहाल फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ हजारीबाग जिले के विभिन्न थानों में आर्म्स एक्ट, रंगदारी, हत्या के प्रयास और आपराधिक साजिश समेत कई संगीन मामले दर्ज हैं।

इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बड़कागांव अमित आनंद के नेतृत्व में गठित एसआईटी टीम, गिद्दी थाना और उरीमारी ओपी के पुलिस पदाधिकारियों एवं सशस्त्र बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने दावा किया है कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी कर ली जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *