मानगो पुलिस ने बाइक चोर गिरोह का किया पर्दाफाश, पांच आरोपी गिरफ्तार, दो फरार

Spread the love

जमशेदपुर: शहर में लगातार बढ़ रही बाइक चोरी की घटनाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मानगो थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वाहन चोर गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों में मो. शाकिब, दानिश खान, इस्माइल आलम, मो. अयान और मो. नसीम अख्तर शामिल हैं। वहीं, नयाब मुस्तफा और सरफराज अली को भी इस मामले में नामजद किया गया है, लेकिन वे फिलहाल पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। सभी आरोपी मानगो, उलीडीह और आजादनगर थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
गश्ती के दौरान पुलिस को मिली सफलता
मानगो थाना पुलिस नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान रोड नंबर-14 स्थित फॉरेस्ट मैदान के पास कुछ युवकों की गतिविधियां संदिग्ध नजर आईं। पुलिस ने उन्हें रोककर जांच की और उनके पास मौजूद बाइक (JH05AJ-4340) के कागजात मांगे। आरोपी वाहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके। पूछताछ में सख्ती बरतने पर उन्होंने स्वीकार किया कि बाइक चोरी की है।
कम कीमत में बेचते थे चोरी के वाहन
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि गिरोह चोरी की गई मोटरसाइकिलों को कम दामों में बेचने का काम करता था। पुलिस के अनुसार आरोपी फॉरेस्ट मैदान इलाके में बाइक की खरीद-बिक्री के लिए ही पहुंचे थे। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद बाइक किस स्थान से चोरी की गई थी और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोग कौन हैं।
प्राथमिकी दर्ज, आरोपियों को भेजा गया जेल
मानगो थाना प्रभारी नित्यानंद प्रसाद ने बताया कि सहायक अवर निरीक्षक राजेश कुमार के बयान के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं, फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *