जन शिकायत निवारण दिवस में उपायुक्त ने सुनीं लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

Spread the love

जमशेदपुर: समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित जन शिकायत निवारण दिवस में उपायुक्त राजीव रंजन ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी व्यक्तिगत एवं जनहित से जुड़ी समस्याओं को उपायुक्त के समक्ष रखा।
जन शिकायत निवारण दिवस के दौरान राशन कार्ड, डायलिसिस यूनिट में मरीजों के साथ दुर्व्यवहार, वृद्ध माता-पिता के साथ बेटा-बहू द्वारा अमानवीय व्यवहार, शिक्षा का अधिकार (आरटीई) के तहत निजी विद्यालयों में नामांकन, पीएम विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत ऋण स्वीकृति, जलमीनार की मरम्मत, पक्की नाली निर्माण, निजी भूमि पर अतिक्रमण, मृत्यु प्रमाण पत्र निर्गत करने, बैंकिंग संबंधी समस्याएं, म्यूटेशन, मुआवजा भुगतान, चिकित्सीय सहायता और बिजली के पोल लगाने समेत विभिन्न सामाजिक एवं जनहित से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए।
सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को शिकायतों की जांच कर नियमानुसार त्वरित एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जन शिकायत निवारण दिवस का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करना है और सभी अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ शिकायतों का निष्पादन करना चाहिए।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि प्रशासन आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जन शिकायत निवारण दिवस के माध्यम से नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर मिल रहा है, जिससे समाधान प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *