
जमशेदपुर: आजादनगर थाना क्षेत्र के रोड नंबर-3 में सोमवार को दो गुटों के बीच हुए विवाद के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। विवाद के दौरान दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई, जबकि फायरिंग की चर्चा भी क्षेत्र में फैल गई, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल देखा गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। विवाद बढ़ने पर मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग तथा दुकानदार सहम गए।
घटना की सूचना मिलते ही आजादनगर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा दोनों पक्षों से जुड़े लोगों और स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ शुरू कर दी है।
फायरिंग की चर्चाओं को लेकर भी पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है। मामले की सच्चाई जानने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल इलाके में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है और स्थिति सामान्य बताई जा रही है।