गोलमुरी गोलीकांड का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार; हथियार और चोरी की बाइक बरामद

Spread the love

जमशेदपुर: गोलमुरी थाना क्षेत्र में हाल के दिनों में हुई दो गोलीबारी की घटनाओं का जमशेदपुर पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हथियार, जिंदा गोली और एक चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।
सीनियर एसपी पीयूष पांडे ने बताया कि 26 और 27 मई की रात को गोलमुरी थाना क्षेत्र में हुई फायरिंग की घटनाओं के संबंध में गोलमुरी थाना कांड संख्या 60/2026 और 61/2026 दर्ज किए गए थे। घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया था।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर चार आरोपियों की पहचान की। गिरफ्तार आरोपियों में विक्की सिंह गिल उर्फ कुंडी, रविन्द्र कुमार ठाकुर, बलराम सिंह उर्फ छोटू और अमन सिंह शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि विक्की सिंह गिल को पहले ही कन्हैया यादव हत्याकांड में गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है, जबकि शेष तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने गोलीबारी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उनकी निशानदेही पर एक लोडेड पिस्टल, एक जिंदा कारतूस तथा एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है। गोलीबारी की घटनाओं से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। जांच में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आने पर उसके विरुद्ध भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की इस कार्रवाई को गोलमुरी क्षेत्र में हाल में हुई फायरिंग की घटनाओं के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा सभी अपराधियों की पुरानी आपराधिक इतिहास रहा है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *