नाम बदलकर वर्षों से फरार दुष्कर्म आरोपी गिरफ्तार, खरसावां पुलिस ने भेजा जेल

Spread the love

सरायकेला-खरसावां: खरसावां थाना पुलिस ने दुष्कर्म के एक मामले में वर्षों से फरार चल रहे स्थायी वारंटी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। आरोपी कानून की गिरफ्तारी से बचने के लिए नाम बदलकर दूसरे जिले में रह रहा था, लेकिन पुलिस की सतर्कता और लगातार निगरानी के चलते आखिरकार वह पुलिस के शिकंजे में आ गया।
जानकारी के अनुसार खरसावां थाना कांड संख्या 08/18, दिनांक 7 फरवरी 2018 में भारतीय दंड संहिता की धारा 376 के तहत दर्ज मामले में आरोपी पातुई बोयपाई (43) के खिलाफ स्थायी वारंट जारी किया गया था। आरोपी जतराटांड़ गांव का निवासी है और लंबे समय से फरार चल रहा था।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी अपनी पहचान छिपाने के लिए नाम बदलकर केदार बोयपाई के नाम से चाईबासा क्षेत्र में रह रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस ने तकनीकी और मानवीय सूचना तंत्र की मदद से उसकी गतिविधियों पर नजर रखी और योजनाबद्ध छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को खरसावां थाना लाया गया, जहां आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। अदालत के आदेश पर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
थाना प्रभारी गौरव कुमार ने बताया कि आरोपी कई वर्षों से फरार था और लगातार अपना ठिकाना बदलकर पुलिस से बचने का प्रयास कर रहा था। सूचना के आधार पर निगरानी बढ़ाई गई और अंततः उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने कहा कि फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी और लंबित वारंटों के निष्पादन को लेकर पुलिस लगातार अभियान चला रही है तथा किसी भी अपराधी को कानून से बचने नहीं दिया जाएगा।
पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि किसी फरार अपराधी या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
खरसावां थाना क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी को लेकर विशेष अभियान लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत वर्षों से फरार चल रहे इस स्थायी वारंटी की गिरफ्तारी को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *