पहले पिलाई शराब, फिर चापड़ से की हत्या, कपाली पुलिस ने किया हत्याकांड का खुलासा

Spread the love

सरायकेला-खरसावां: कपाली ओपी क्षेत्र में 15 मई को हुए युवक हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी अहमद जलील अंसारी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी जमशेदपुर के बिष्टुपुर क्षेत्र का निवासी है और मूल रूप से बिहार के सिवान जिले का रहने वाला है। पुलिस ने उसके पास से हत्या में प्रयुक्त चापड़ भी बरामद किया है।
मृतक की पहचान परसुडीह थाना क्षेत्र के किताडीह गाड़ीवान पट्टी निवासी 21 वर्षीय मो. तौसीफ उर्फ राज के रूप में हुई थी। उसका शव कपाली के डोबो-कांदरबेड़ा मुख्य मार्ग स्थित डोंगाघाट के पास मिला था। युवक पर चापड़ से कई वार किए गए थे, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी।
कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार ने सोमवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि हत्या पुरानी रंजिश के कारण की गई थी। जांच में सामने आया कि आरोपी अहमद जलील अंसारी ने पहले तौसीफ को अपने साथ बैठाकर शराब पिलाई। इसके बाद उसने अपने साथी साबिर अली उर्फ सोनू को फोन कर मौके पर बुलाया और चापड़ साथ लाने को कहा।
पुलिस के अनुसार, शराब पीने के दौरान ही आरोपी ने योजनाबद्ध तरीके से तौसीफ पर चापड़ से कई वार कर उसकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
मामले में शामिल दूसरा आरोपी साबिर अली उर्फ सोनू पहले से ही एक अन्य मामले में गिरफ्तार होकर जेल में बंद है। पुलिस उसे पूछताछ के लिए रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। गिरफ्तार आरोपी अहमद जलील अंसारी ने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।
इधर, कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त संदेश देने के उद्देश्य से कपाली पुलिस ने सोमवार को मुख्य आरोपी का क्षेत्र में पैदल मार्च भी कराया। इस दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *