बागबेड़ा के बड़ौदा घाट पर खरकई नदी से अज्ञात किशोर का शव बरामद, जांच में जुटी पुलिस

Spread the love

जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र स्थित बड़ौदा घाट के पास खरकई नदी से शनिवार सुबह एक अज्ञात किशोर का शव बरामद किया गया। मृतक की उम्र लगभग 16 वर्ष बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
जानकारी के अनुसार, सुबह कुछ लोग खरकई नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान उनकी नजर पानी में तैर रहे एक किशोर पर पड़ी। लोगों ने तुरंत उसे नदी से बाहर निकालकर किनारे लाया। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब किशोर को पानी से बाहर निकाला गया, तब उसकी सांस चल रही थी। उसे बचाने का प्रयास भी किया गया, लेकिन कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बागबेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। उसके पास से कोई पहचान संबंधी दस्तावेज भी बरामद नहीं हुआ है।
पुलिस आसपास के क्षेत्रों के लोगों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि किशोर कहां का रहने वाला था और वह नदी में कैसे पहुंचा। साथ ही आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का भी मिलान किया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके बाद मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। वहीं अज्ञात किशोर की पहचान नहीं होने से मामले में कई सवाल बने हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *