चाईबासा में घर में घुसकर युवती से सामूहिक दुष्कर्म, तीन आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिले के झींकपानी थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ घर में घुसकर सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने झींकपानी थाना में दर्ज शिकायत में बताया कि अप्रैल माह में वह अपने घर में अकेली थी और घरेलू कामकाज में व्यस्त थी। इसी दौरान गांव के तीन युवक जबरन उसके घर में घुस आए। आरोप है कि तीनों ने दरवाजा बंद कर बारी-बारी से युवती के साथ दुष्कर्म किया और घटना के बारे में किसी को बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
घटना के बाद युवती भय और सदमे में थी, जिसके कारण उसने लंबे समय तक किसी को इसकी जानकारी नहीं दी। बाद में साहस जुटाकर 6 मई को उसने झींकपानी थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पश्चिम सिंहभूम पुलिस अधीक्षक अमित रेनू के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने सबसे पहले पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया और तत्परता से कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कोंदा (20), सिदिऊ मुंडरी उर्फ कोंका (26) और मंडरू उर्फ जम्बीरा गोप (30) के रूप में हुई है। तीनों आरोपी झींकपानी थाना क्षेत्र के ही निवासी हैं। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।
शनिवार को चाईबासा सदर एसडीपीओ ने प्रेस वार्ता कर मामले का खुलासा किया और बताया कि तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *