वर्कर्स कॉलेज में कला-विज्ञान संकाय बंद करने के फैसले पर भड़के छात्र, अभाविप का जोरदार प्रदर्शन

Spread the love

जमशेदपुर स्थित वर्कर्स कॉलेज में कला एवं विज्ञान संकाय बंद करने के फैसले के विरोध में शुक्रवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान परिषद के कार्यकर्ताओं और छात्रों ने कॉलेज परिसर में नारेबाजी करते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ आक्रोश जताया।
अभाविप कार्यकर्ताओं ने कहा कि कोल्हान यूनिवर्सिटी द्वारा जारी नोटिफिकेशन के माध्यम से वर्कर्स कॉलेज से कला और विज्ञान संकाय को हटाने का निर्णय लिया गया है, जिससे हजारों छात्रों का भविष्य प्रभावित होगा। प्रदर्शन के दौरान परिषद की ओर से कुलपति के नाम ज्ञापन भी सौंपा गया, जिसमें निर्णय को तत्काल वापस लेने की मांग की गई।
परिषद ने कहा कि वर्कर्स कॉलेज मानगो क्षेत्र का प्रमुख अंगीभूत महाविद्यालय है, जहां बड़ी संख्या में छात्र कला और विज्ञान विषयों की पढ़ाई करते हैं। ऐसे में इन संकायों को बंद कर देना छात्रों के हितों के खिलाफ है। अभाविप ने सवाल उठाया कि वर्तमान में स्नातक के विभिन्न सेमेस्टर में अध्ययनरत छात्रों की पढ़ाई और डिग्री पूरी कैसे होगी। साथ ही जिन छात्रों के मेजर, माइनर और एमडीसी विषय कला एवं विज्ञान से जुड़े हैं, उनके भविष्य पर भी संकट खड़ा हो जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान परिषद नेताओं ने आरोप लगाया कि पाठ्यक्रम पुनर्गठन के दौरान छात्रों, अभिभावकों और सामाजिक संगठनों से कोई राय नहीं ली गई। उन्होंने कहा कि अन्य कॉलेजों में सभी संकायों को बरकरार रखा गया है, लेकिन केवल वर्कर्स कॉलेज से कला और विज्ञान विषय हटाना अन्यायपूर्ण फैसला है।
अभाविप ने चेतावनी दी कि यदि विश्वविद्यालय प्रशासन जल्द इस निर्णय को वापस नहीं लेता है तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और परिषद कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *