
जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना पुलिस को वाहन चोरी के मामले में बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले एक गिरोह का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से चोरी की तीन गाड़ियां भी बरामद की गई हैं। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और शहर में हुई अन्य वाहन चोरी की घटनाओं से इनके संबंधों की जांच में जुट गई है। दरअसल सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में 6 और 7 मई की रात पुलिस नियमित गश्ती पर थी। इसी दौरान रात करीब ढाई बजे एआईडब्ल्यूसी स्कूल के पास पुलिस को एक संदिग्ध बाइक पर सवार दो युवक दिखाई दिए। पुलिस ने जब दोनों को रुकने का इशारा किया तो वे भागने लगे, लेकिन गश्ती दल ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को पकड़ लिया। गिरफ्तार युवकों की पहचान रंजीत धीवर और शेखर प्रमाणिक के रूप में हुई। पूछताछ के दौरान दोनों बाइक के कागजात नहीं दिखा सके। सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों ने स्वीकार किया कि बाइक चोरी की है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने सिदगोड़ा बारीडीह हाई स्कूल के पास एक खाली पड़े खंडहर क्वार्टर में छापेमारी की, जहां से दो अन्य आरोपी संतोष भुईया उर्फ गोलू और राज खान उर्फ आयुब अंसारी उर्फ फिरोज खान को गिरफ्तार किया गया। मौके से चोरी की दो स्कूटी भी बरामद की गई, जिनमें से एक स्कूटी के पार्ट्स खोले जा चुके थे।
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, एक होंडा एक्टिवा और एक सुजुकी स्कूटी जब्त की है। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि गिरोह चोरी की गाड़ियों को सुनसान जगहों पर छिपाकर उनके पार्ट्स अलग-अलग बेचने का काम करता था। फिलहाल सिदगोड़ा थाना पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह ने शहर के किन-किन इलाकों में वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है।