
जमशेदपुर के साकची इलाके में मंगलवार को ठगी की एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां साधु के वेश में आए दो शातिर अपराधियों ने एक महिला को अपना शिकार बना लिया। गोलमुरी केबुल टाउन निवासी मंजू देवी बाजार में खरीदारी के लिए आई थीं। इसी दौरान बसंत सिनेमा के पास दो लोगों ने उन्हें रोका और खुद को साधु बताते हुए बातचीत शुरू की।
पहले उन्होंने महिला से पानी मांगा, जिससे भरोसा कायम किया। इसके बाद उन्होंने डर का माहौल बनाते हुए कहा कि उसके बेटे पर गंभीर संकट मंडरा रहा है। इस संकट को दूर करने के नाम पर उन्होंने विशेष पूजा कराने की बात कही। बेटे की सुरक्षा को लेकर चिंतित महिला उनकी बातों में आ गई।
ठगों ने पूजा के बहाने महिला से उसके पहने हुए गहने उतरवा लिए और थोड़ी देर में लौटाने का झांसा देकर वहां से फरार हो गए। काफी देर तक जब वे नहीं लौटे, तब महिला को ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद पीड़िता ने साकची थाना पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव ने बताया कि अंधविश्वास का फायदा उठाकर ठगी की गई है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और अजनबियों पर भरोसा न करने की अपील की