पति की हत्या की साजिश रचने वाली पत्नी समेत 4 गिरफ्तार, खरसावां पुलिस का सनसनीखेज खुलासा

Spread the love

सरायकेला जिले के खरसावां थाना पुलिस ने एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा किया है, जहां पत्नी ने ही अपने पति की हत्या की साजिश रच डाली. प्रताड़ना के चलते रची गई इस खौफनाक वारदात में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार आरोपियों में मृतका बाधा सरदार की पत्नी सुनीता सरदार (38) उसका भाई सोमा मुण्डा उर्फ सुगु, तथा एक अन्य सहयोगी बौर सिंह मुण्डा और बिरा मुण्डा भी शामिल थे. पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. आरोपियों के पास से हत्या में प्रयुक्त खून से सना फरसा, एक स्कूटी और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं. एसडीपीओ समीर कुमार सावेया ने बताया कि यह हत्या पूरी तरह से सुनियोजित साजिश के तहत की गई थी. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की गहन जांच जारी है. पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी सोमा मुण्डा का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उस पर पहले से कई गंभीर मामले दर्ज हैं. इस कार्रवाई को अंजाम देने के लिए विशेष टीम का गठन किया गया था, जिसमें थाना प्रभारी, ओपी प्रभारी, रिजर्व गार्ड और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे. यह घटना रिश्तों में टूटते भरोसे और अपराध की खौफनाक तस्वीर पेश करती है, जहां एक पत्नी ने ही अपने पति की हत्या की साजिश रच दी. फिलहाल पूरे इलाके में इस घटना को लेकर सनसनी का माहौल है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *