सीवान में बड़ी कार्रवाई: रोड रेज हत्याकांड का मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में ढेर

Spread the love

बिहार के सीवान जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां पूर्व एमएलसी और बीजेपी नेता मनोज सिंह के भांजे की हत्या के मामले में पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को मुठभेड़ में मार गिराया है।
जानकारी के अनुसार, नगर थाना क्षेत्र स्थित ओवरब्रिज के पास 29 अप्रैल को रोड रेज की घटना में मनोज सिंह के भांजे हर्ष सिंह और उनके बहनोई को बदमाशों ने गोली मार दी थी। इस हमले में गंभीर रूप से घायल हर्ष सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई थी, जबकि उनके बहनोई का इलाज जारी है।
घटना के बाद पुलिस ने तेजी से जांच शुरू की थी। इससे पहले एक आरोपी को “हाफ इनकाउंटर” में घायल कर गिरफ्तार किया गया था। वहीं, रविवार की अहले सुबह पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में मुख्य आरोपी सोनू यादव मारा गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा था, इसी दौरान मुठभेड़ हुई। फिलहाल मामले में विस्तृत जानकारी और आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।
इस कार्रवाई के बाद इलाके में पुलिस की सक्रियता बढ़ा दी गई है और पूरे घटनाक्रम पर प्रशासन की नजर बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *