
जमशेदपुर, 29 अप्रैल 2026:वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), पूर्वी सिंहभूम द्वारा घाटशिला अनुमंडल क्षेत्र में व्यापक समीक्षा और निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) घाटशिला के कैंप कार्यालय में विभिन्न ग्रामीण थानों से पहुंचे आवेदकों की जन शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया।
इसके साथ ही घाटशिला अनुमंडल क्षेत्र के सभी थानों का औचक निरीक्षण भी किया गया। निरीक्षण के क्रम में थाना क्षेत्रों की भौगोलिक स्थिति, पुलिस पदाधिकारियों के कार्य बंटवारे, सिरिस्ता अभिलेखों की स्थिति तथा लंबित वारंट, कुर्की और सम्मन के निष्पादन की गहन समीक्षा की गई।
अधिकारियों ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, आरोप पत्रित अपराधियों के भौतिक सत्यापन, लंबित चरित्र एवं पासपोर्ट सत्यापन, CCTNS में प्रविष्टियों की अद्यतन स्थिति और लंबित मामलों के निष्पादन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही ई-साक्ष्य (e-evidence) से जुड़े मामलों की भी समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


