कोडरमा स्टेशन पर दर्दनाक हादसा: चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान महिला की मौत, दो मासूम हुए बेसहारा

Spread the love

झारखंड के कोडरमा रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार शाम एक बेहद दर्दनाक हादसा हुआ, जिसने पूरे स्टेशन परिसर को गमगीन कर दिया। महज 24 वर्षीय मुस्कान मसी की चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान गिरने से मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुस्कान अपने दो माह के जुड़वा बच्चों और भांजी के साथ सियालदह-जलियांवाला बाग एक्सप्रेस से आसनसोल से दिल्ली जा रही थी। ट्रेन के कोडरमा स्टेशन पर रुकने के दौरान वह कुछ सामान लेने के लिए नीचे उतरी। इसी बीच ट्रेन खुल गई।
बताया जाता है कि बच्चों को कोच में छोड़ चुकी मुस्कान ने घबराहट में चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश की, लेकिन संतुलन बिगड़ने से वह दो बोगियों के बीच गिर गई, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही आरपीएफ मौके पर पहुंची और महिला के दोनों मासूम बच्चों तथा भांजी को सुरक्षित अपनी निगरानी में लिया। बच्चों के परिजनों, जो पश्चिम बंगाल के हीरापुर में रहते हैं, को घटना की सूचना दे दी गई है।
इस हादसे के कारण रेल परिचालन भी प्रभावित हुआ। संबंधित ट्रेन करीब आधे घंटे तक स्टेशन पर खड़ी रही, वहीं पीछे आ रही कई ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर रोकना पड़ा।
यह हादसा एक बार फिर सावधानी का संदेश देता है—चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने की कोशिश जानलेवा साबित हो सकती है। एक छोटी सी लापरवाही ने दो मासूम बच्चों से उनकी मां छीन ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *