
सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल अंतर्गत ईचागढ़ प्रखंड के हाड़ात गांव से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। शनिवार तड़के करीब 3 बजे गांव में घुसे एक जंगली हाथी ने एक ही परिवार पर हमला कर दिया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
इस हमले में चाइना देवी (35 वर्ष) और उनकी 13 वर्षीय पुत्री अमिता की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं परिवार के मुखिया मोहनलाल महतो (72 वर्ष) और सांतुला देवी (70 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। टीम में प्रभारी वनपाल मुकेश महतो समेत अन्य कर्मी शामिल थे। स्थानीय पुलिस ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में लिया।
वन विभाग ने तत्काल राहत देते हुए मृतकों के परिजनों को 50-50 हजार रुपये की नगद सहायता प्रदान की है। विभाग ने बताया कि आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रत्येक मृतक के आश्रितों को 3.50 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा।
दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया गया है। घटना के बाद पूरे गांव में भय का माहौल है। वन विभाग ने हाथी की गतिविधियों पर नजर रखते हुए ग्रामीणों को सतर्क रहने और रात के समय बाहर न निकलने की सलाह दी है।

