
झारखंड राज्य के गुमला जिला के घाघरा थाना परिसर केरा पीछे अचानक लगी भीषण आग से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया, जिसकी चपेट में थाना में जप्त कई वाहन आ गए और जलकर खाक हो गए। वहीं थाना परिसर के बगल में स्थित एक गुमटी भी आग की लपटों में घिरकर पूरी तरह राख हो गई।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस प्रशासन ने मिलकर आग बुझाने की काफी कोशिश की, लेकिन आग इतनी भयंकर थी कि उस पर काबू पाना संभव नहीं हो पाया। इसके बाद तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया।
गुमटी संचालक विमल घोष ने बताया कि इस हादसे में उन्हें लगभग 45 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। थाना प्रभारी ने जानकारी दी कि थाना के पीछे कचरा फेंका जाता था और आशंका है कि किसी ने उसमें आग लगा दी, जिससे यह बड़ी घटना हुई।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। लेकिन इस मामले पर थाना प्रभारी भी बोलने से कतरा रहे हैं.
