
शहर में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला बिरसानगर थाना क्षेत्र का है, जहां चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर नकदी और गहनों की बड़ी चोरी को अंजाम दिया। घटना बिरसानगर जोन नंबर तीन स्थित हरि मंदिर के पास रहने वाले सुरेश गोप के घर में हुई।
जानकारी के मुताबिक, वारदात उस समय हुई जब घर के सभी लोग रात में सो रहे थे। सुबह होने से पहले ही चोर घर में घुसे और अलमारी का ताला तोड़कर करीब 75 हजार रुपये नकद और लगभग 2 लाख रुपये के गहने लेकर फरार हो गए। घटना का पता तब चला जब देर रात घर की महिला सदस्य की नींद खुली और उन्होंने अलमारी खुली देखी।
पीड़ित सुरेश गोप ने आशंका जताई है कि चोरों ने वारदात को अंजाम देने के लिए किसी तरह के स्प्रे का इस्तेमाल किया होगा, जिससे घर के लोग गहरी नींद में सोते रहे और उन्हें किसी तरह की भनक नहीं लगी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके। इस संबंध में सुरेश गोप ने बिरसानगर थाना में मामला दर्ज कराया है।
पीड़ित ने बताया कि 3 मई को उनकी भतीजी की शादी है और उसी के लिए घर में नकदी और गहने रखे गए थे। चोरी के बाद परिवार के सामने नई परेशानी खड़ी हो गई है। वहीं, शहर में लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है।
