
टाटा पावर मजदूर यूनियन की एक महत्वपूर्ण बैठक यूनियन कार्यालय, साकची में टाटा पावर मजदूर यूनियन के उपाध्यक्ष अम्बुज कुमार ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
बैठक में सर्वप्रथम टाटा पावर के मजदूरों की विभिन्न मांगों पर चर्चा की गई। विदित हो कि मजदूरों से संबंधित मांग पत्र दिनांक 15 दिसंबर 2025 को उप श्रमायुक्त महोदय को सौंपा गया था, परंतु आज तक टाटा पावर प्रबंधन एवं ठेका प्रबंधन द्वारा उस पर कोई भी मंतव्य प्रस्तुत नहीं किया गया है।
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि टाटा पावर में कार्यरत ताज टेक्नो कंपनी द्वारा मजदूरों का लगभग 20 लाख रुपये का ओवरटाइम (OT) डबल भुगतान एवं अंतिम सेटलमेंट (अंतिम पावना) लंबित है। वहीं ESP विभाग में कार्यरत लगभग 100 ठेका मजदूरों का भी यह भुगतान नहीं होने से मजदूरों में रोष व्याप्त है।
इसके अतिरिक्त, ठेका प्रतिष्ठान आर. के इरेक्टर्स द्वारा पिछले 3 वर्षों से मजदूरों को ओवरटाइम का भुगतान निर्धारित दुगनी दर से नहीं किया गया है। टाटा पावर के फायर विभाग के मजदूरों के साथ भी इसी प्रकार का अन्याय हो रहा है।
मजदूरों ने यह भी आरोप लगाया कि वर्तमान में भी आर. के इरेक्टर्स द्वारा मजदूरों से ओवरटाइम कार्य कराया जा रहा है, जिससे उनमें भारी असंतोष है। मजदूरों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं निकाला गया, तो CHP, ESP एवं मेंटेनेंस विभाग के मजदूर हड़ताल पर जाने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी टाटा पावर प्रबंधन की होगी।
इसके अतिरिक्त, मजदूरों की मांगों को लेकर ज्ञापन देने वाले पवन कुमार को अब तक कार्य पर पुनः नहीं रखा गया है, जिससे मजदूरों में रोष और बढ़ता जा रहा है।
बैठक में सर्वसम्मति से आगामी मई दिवस को धूमधाम से मनाने का निर्णय लिया गया।
