
पूर्वी सिंहभूम के बहरागोड़ा में एक बार फिर संदिग्ध सिलेंडरनुमा बम मिलने की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया है। बरागाड़िया पंचायत के पानीपाड़ा गांव में बुधवार देर शाम ग्रामीणों ने स्वर्णरखा नदी के किनारे एक संदिग्ध वस्तु देखी, जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। आशंका जताई जा रही है कि यह सिलेंडर बम हो सकता है।
ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी। हालांकि, पुलिस ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि बरामद वस्तु वास्तव में बम है या कोई अन्य धातु सामग्री। बहरागोड़ा थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा ने बताया कि टीम को जांच के लिए भेजा गया है और पूरी जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
गौरतलब है कि इसी इलाके में हाल के दिनों में ऐसे मामले सामने आ चुके हैं। 17 मार्च को पानीपाड़ा गांव के पास नदी किनारे एक बम मिला था, जबकि 24 मार्च को भी द्वितीय विश्व युद्ध काल का एक अमेरिकी बम बरामद किया गया था। उस समय सेना और पुलिस की निगरानी में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बम को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय किया गया था।
