
जमशेदपुर में गुरुवार को उपायुक्त कार्यालय परिसर में उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जब एक युवक की मौत के बाद परिजन उसका शव लेकरq वहां पहुंच गए। सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के छायानगर निवासी सन्नी पुष्टि की इलाज के दौरान मौत हो गई थी, जिसके बाद गुस्साए परिजन सीधे डीसी ऑफिस पहुंचकर विरोध प्रदर्शन करने लगे।
परिजन शव के साथ कार्यालय परिसर में प्रवेश करना चाह रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें गेट पर ही रोक दिया। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हुई और मामला धक्का-मुक्की तक पहुंच गया। थाना प्रभारी आनंद मिश्रा के साथ भी परिजनों ने धक्का-मुक्की की। आक्रोशित लोग मौके पर उपायुक्त को बुलाने और 50 लाख रुपये मुआवजे की मांग पर अड़े रहे। साथ ही उन्होंने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप भी लगाया।
दरअसल, 31 मार्च को छायानगर में छेड़खानी को लेकर दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हुई थी, जिसमें फायरिंग और धारदार हथियारों का इस्तेमाल हुआ। इस घटना में सन्नी गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे एक आंख में गोली लगी थी और शरीर के अन्य हिस्सों पर भी वार किए गए थे। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
