
जमशेदपुर के ओलीडीह ओपी क्षेत्र में हुए सनसनीखेजf गोलीकांड का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर लिया है। डिमना बस्ती रोड स्थित उमा टिफिन के पास ऑल्टो कार में सवार विक्रम सिंह उर्फ विक्की पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
घटना में कृष्णा सिंह उर्फ लल्ला, राखाल कुम्भकार, विकास महतो सहित अन्य अपराधियों ने मिलकर विक्की को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इस संबंध में पीड़ित के लिखित आवेदन के आधार पर ओलीडीह ओपी में कांड संख्या 75/26 के तहत BNS की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के नेतृत्व में पुलिस उपाधीक्षक पटमदा के मार्गदर्शन में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया।
1 अप्रैल 2026 को SIT ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वसुंधरा स्टेट के पास स्वर्णरेखा प्रोजेक्ट भवन के एक जर्जर क्वार्टर में छापेमारी की। इस दौरान घटना में शामिल चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। मौके से दो अवैध हथियार, जिंदा गोलियां और घटना में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिल भी बरामद की गई।
पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी विकास महतो ने बताया कि करीब तीन वर्ष पहले विक्रम सिंह ने उसके भाई के साथ मारपीट की थी और जान से मारने की धमकी दी थी। इसी पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए उसने अपने साथियों के साथ मिलकर इस हमले की साजिश रची और गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया।
