
जमशेदपुर के टाटा मुख्य अस्पताल के मुख्य गेट पर मंगलवार को उस वक्त अफरा- तफरी मच गई, जब सिक्योरिटी गार्ड और एक मरीज के परिजन के बीच विवाद मारपीट में बदल गया. बताया जा रहा है कि एक युवक अपने भर्ती पिता को डिस्चार्ज कराने अस्पताल पहुंचा था. इसी दौरान गेट पर हेलमेट पहनने को लेकर सिक्योरिटी गार्ड से उसकी कहासुनी हो गई. देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई. घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में आक्रोश फैल गया. लोगों ने सिक्योरिटी गार्ड के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अस्पताल के मुख्य गेट को जाम कर दिया, जिससे कुछ देर के लिए आवागमन प्रभावित रहा. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने लोगों को समझा- बुझाकर जाम हटवाया और माहौल को शांत कराया.
फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच की जा रही है.
