
जमशेदपुर बागबेड़ा थाना क्षेत्र के रोड नंबर-3 में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नकदी की चोरी कर ली। घटना बुधवार रात की बताई जा रही है। जिस समय चोरी हुई, उस वक्त घर के मालिक एस.के.एल. दास अपनी पत्नी के साथ धनबाद गए हुए थे और घर में कोई मौजूद नहीं था। जानकारी के अनुसार एस.के.एल. दास तीन दिन पहले ही अपनी पत्नी के साथ किसी काम से धनबाद गए थे। उनके दो बेटों में से एक अमेरिका और दूसरा बंगाल में रहता है। घर की देखरेख और रात में सोने की जिम्मेदारी उन्होंने अपने पड़ोसी शंकर सिंह को दी थी। बताया जा रहा है कि बुधवार रात शंकर सिंह एक विवाह समारोह में शामिल होने गोविंदपुर चले गए थे। घर को खाली पाकर चोरों ने मौका का फायदा उठाया और मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश कर गए। इसके बाद चोरों ने घर में रखी अलमारी को खंगाल डाला। चोरों ने अलमारी से लाखों रुपये मूल्य के स्वर्ण आभूषण और करीब 5 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए हैं। घटना की सूचना मिलते ही बागबेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
