
जमशेदपुर के मानगो नगर निगम, जुगसलाई नगर परिषद और चाकुलिया नगर निकाय चुनाव की मतगणना शुक्रवार सुबह 8 बजे से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गई। करनडीह प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित मतगणना केंद्र पर सुबह से ही प्रत्याशी और उनके समर्थक पहुंचने लगे थे। मतगणना स्थल पर उत्साह का माहौल देखा गया
प्रशासन के अनुसार सुबह 10 बजे के बाद शुरुआती रुझान सामने आने लगेंगे, जबकि देर शाम तक अधिकांश परिणाम घोषित होने की संभावना है। बैलेट पेपर (मतपत्र) से चुनाव होने के कारण मतगणना में अधिक समय लग सकता है। यह चुनाव स्थानीय विकास के साथ-साथ सत्ताधारी इंडिया गठबंधन और विपक्षी भाजपा के जनाधार की अग्निपरीक्षा भी माना जा रहा है। प्रशासन ने बताया कि मानगो नगर निगम के 190 बूथों की मतगणना के लिए 48 टेबल लगाए गए हैं, जिससे मतगणना चार राउंड में पूरी कर ली जाएगी। पहले 16 टेबल पर आठ राउंड में गिनती की योजना थी, लेकिन परिणाम में देरी की आशंका को देखते हुए टेबल की संख्या बढ़ाई गई। पूरी प्रक्रिया लगभग 10 घंटे में समाप्त होने की उम्मीद है।
वहीं जुगसलाई नगर परिषद के 41 बूथों की मतगणना तीन राउंड में पूरी की जाएगी। इसके लिए चार अतिरिक्त टेबल बढ़ाए गए हैं। प्रशासन ने शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतगणना के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।
