
सरायकेला जिले के चांडिल अनुमंडल के नीमडीह थाना अंतर्गत मुरु गांव स्थित एक ईंट भट्ठे पर निगरानी कर रहे युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. घटना के बाद गांव में शोक के साथ- साथ दहशत का माहौल है. मृतक की पहचान 41 वर्षीय खितिस चंद्र महतो के रूप में हुई है, जो मुरु गांव के निवासी थे. जानकारी के अनुसार मंगलवार को भट्ठे में ईंट पकाने के लिए आग लगाई गई थी. देर शाम भोजन करने के बाद खितिस चंद्र महतो भट्ठे की देखरेख के लिए घर से निकले थे. रात बीत जाने के बावजूद वे वापस घर नहीं लौटे. बुधवार सुबह काफी देर तक संपर्क नहीं होने पर परिजनों और ग्रामीणों ने खोजबीन शुरू की. तलाशी के दौरान भट्ठे के समीप उनका शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला. शव मिलने की सूचना मिलते ही नीमडीह थाना की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया.
थाना प्रभारी संतन कुमार तिवारी ने बताया कि शव पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के स्पष्ट निशान नहीं पाए गए हैं. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. प्राथमिक जांच में मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं. पुलिस प्राकृतिक कारण, गैस के प्रभाव, दुर्घटना या अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा.
घटना के बाद परिजनों का रो- रोकर बुरा हाल है. ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है ताकि सच्चाई सामने आ सके.
