बिरसानगर थाना क्षेत्र स्थित विजया गार्डन में 6 नवंबर को व्यापारी ज्योति सिंह के घर में 60 लाख रुपये मूल्य के गहने व नगद की चोरी की घटना के 48 घंटे बीत जाने के बाद भी चोरों की गिरफ्तारी नहीं होने और प्रबंधन की उदासीनता से आक्रोशित कॉलोनीवासियों ने शनिवार को दो नंबर गेट बंद कर विरोध प्रदर्शन किया।

वासियों ने आरोप लगाया कि कॉलोनी में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह लचर है। गार्डों की तैनाती नाम मात्र की है और अधिकांश सीसीटीवी कैमरे महीनों से खराब पड़े हैं। चोरी के दिन जिस तल्ले में घटना हुई, वहां के कैमरे भी काम नहीं कर रहे थे। हालांकि एक निवासी के निजी कैमरे में दो संदिग्ध चोरों की तस्वीरें कैद हुई हैं, लेकिन पुलिस अब तक आरोपियों को पकड़ नहीं सकी है।

फ्लैटवासियों ने बताया कि शिकायत के बावजूद विजया गार्डन प्रबंधन ने गंभीरता नहीं दिखाई। पिछले वर्ष भी कॉलोनी में छह घरों में चोरी हुई थी, परंतु सुरक्षा व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हुआ। प्रबंधन का कहना है कि सुरक्षा बढ़ाने पर अतिरिक्त शुल्क वसूला जाएगा, जिससे निवासी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

प्रदर्शन के दौरान लोगों ने चेतावनी दी कि यदि प्रबंधन और पुलिस ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो अन्य गेटों को भी अनिश्चितकालीन के लिए बंद कर दिया जाएगा। सूचना मिलने पर बिरसानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आश्वासन दिया कि कॉलोनी प्रबंधन और निवासियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने पर तत्काल पहल की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *