
शहर की मार्केट इन दिनों ग्राहकों से गुलजार है, जहां महिलाएं और युवतियां परिधानों, ज्वेलरी, कॉस्मेटिक्स और पूजा से संबंधित सामग्रियों की जमकर खरीदारी कर रही हैं।इस बार जीएसटी की दरों में कटौती होने के कारण कपड़ों और सजावटी सामान की कीमतें पहले की अपेक्षा कुछ कम हुई हैं, जिससे बाजार में रौनक और बढ़ गई है। व्यापारी भी उम्मीद कर रहे हैं कि इस साल बिक्री में अच्छी बढ़ोतरी होगी। दुकानदारों का कहना है कि पिछले साल की तुलना में ग्राहकों की संख्या इस बार ज्यादा है, खासकर युवतियां फैशनेबल ड्रेस, साड़ी और आधुनिक ज्वेलरी की ओर आकर्षित हो रही हैं।
हालांकि लगातार हो रही बारिश से लोगों की चिंता भी बढ़ गई है। कई जगहों पर बाजार जाने और पंडाल घूमने की योजनाओं पर पानी फिर सकता है। लोग यह सोचकर परेशान हैं कि अगर दुर्गा पूजा के दौरान भी बारिश का सिलसिला जारी रहा तो पंडाल घूमना और बाहर निकलना मुश्किल हो जाएगा। फिर भी उत्साह में कोई कमी नहीं दिख रही है।
बिष्टुपुर, साकची, सोनारी और कदमा के बाजारों में रौनक चरम पर है। यहां दुकानों में ग्राहकों की भीड़ लगी हुई है। पंडाल समितियां भी पूरी तैयारी में जुटी हुई हैं। थीम-आधारित पंडाल और भव्य सजावट को लेकर काम तेजी से चल रहा है। बिजली के झिलमिलाते लाइटें और आकर्षक डेकोरेशन से पूरा शहर सजने लगा है।
कुल मिलाकर जमशेदपुर में दुर्गा पूजा की तैयारी जोरों पर है।
