श्री श्री बाबा विश्वकर्मा पूजा सोनारी एयरपोर्ट में धूमधाम से आयोजन

Spread the love


जमशेदपुर :सोनारी एयरपोर्ट के पास हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी भव्य रूप से श्री श्री बाबा विश्वकर्मा पूजा का आयोजन किया गया। आयोजन समिति द्वारा पूरे श्रद्धा और आस्था के साथ पूजा पंडाल का निर्माण कराया गया है, जहां बाबा विश्वकर्मा की भव्य प्रतिमा स्थापित की गई है। पूजा के साथ-साथ मेले का भी आयोजन किया गया है, जिससे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

पूजा पंडाल में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भक्तों ने बाबा विश्वकर्मा के चरणों में आकर पूजा-अर्चना कर अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति और जीवन में सुख-समृद्धि की कामना की।

आज समाजसेवी राजकुमार सिंह विशेष रूप से पूजा पंडाल पहुंचे। उन्होंने बाबा विश्वकर्मा के समक्ष विधिवत पूजन कर राज्य और देश की तरक्की एवं समृद्धि की प्रार्थना की। साथ ही उन्होंने कहा कि विश्वकर्मा भगवान सृजन, विकास और तकनीक के देवता हैं, और उनकी कृपा से समाज में सदैव उन्नति और खुशहाली बनी रहती है।

मेले में बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले, खेलकूद, खाने-पीने के स्टॉल और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी व्यवस्था की गई है। जिसमें स्थानीय कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे।

स्थानीय लोगों ने कहा कि सोनारी एयरपोर्ट में आयोजित विश्वकर्मा पूजा अब शहर की बड़ी पहचान बन चुकी है और हर साल यहां हजारों लोग दर्शन करने आते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *