पाकुड़ में अज्ञात महिला की हत्या का खुलासा: प्रेम प्रसंग में रची गई थी हत्या की साजिश, आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

पाकुड़ जिले के पाकुड़िया थाना क्षेत्र अंतर्गत तालडाह गनपुरा गांव में नाले के पास मिली अज्ञात महिला की लाश का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। पुलिस ने इस हत्या की गुत्थी को सुलझाते हुए आरोपी रतन मंडैया को गिरफ्तार कर लिया है। मृत महिला की पहचान मुतीका मुन्नी हेम्ब्रम (35 वर्ष) के रूप में हुई है, जो बर्द्धमान जिले से संबंधित थी।

घटना 6 सितंबर को सामने आई थी, जब स्थानीय लोगों ने नाले में एक महिला का शव देखा। शव पर चोट के निशान पाए गए थे और प्रारंभिक जांच में यह हत्या का मामला प्रतीत हुआ। पाकुड़िया थाना प्रभारी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज की और जांच शुरू की। एसआईटी टीम का गठन कर वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए गए।

जांच में सामने आया कि मृतका और आरोपी रतन मंडैया के बीच प्रेम संबंध था, जिसके बाद दोनों ने शादी कर ली थी। लेकिन बाद में दिल्ली में रतन मंडैया पर अवैध संबंध रखने का संदेह हुआ। इसके चलते दोनों में विवाद बढ़ा और झगड़ा हुआ। घटना वाले दिन आरोपी ने लोहा का कड़ा सिर पर मारकर महिला को गिरा दिया, फिर गला दबाकर हत्या कर शव को नाले में फेंक दिया। पुलिस ने लोहा का कड़ा, चप्पल और अन्य सबूत बरामद किए हैं।

इस मामले में गिरफ्तार आरोपी रतन मंडैया को जेल भेज दिया गया है। पुलिस द्वारा वैज्ञानिक जांच, गवाहों के बयान और घटनास्थल के भौतिक साक्ष्यों के आधार पर हत्या की पुष्टि की गई है। मृतका का अंतिम संस्कार उसके परिजनों द्वारा कर दिया गया है।

पाकुड़ पुलिस ने वैज्ञानिक तरीके से अपराध की तह तक जाकर यह मामला सुलझाया है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु अभियान जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *